जमीन विवाद में हिंसा, घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। जमीन विवाद को लेकर उपजे तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा करने वाले 9 आरोपियों को लैलूंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त Hyundai Creta कार तथा मारपीट में इस्तेमाल डंडा भी जब्त किया है।
रायगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। घटना ग्राम बरखोरिया की है, जहां पीड़िता पुष्पा यादव, पति टिकेश्वर यादव (35), ने 22 जून को थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उनके परिवार द्वारा कब्जे की कृषि भूमि में धान की बुआई की गई थी। 22 जून की दोपहर लगभग 2 बजे आरोपी कृष्णा यादव, लिंगराज यादव, जागेश्वर यादव, हलधर यादव, पूर्णचंद्र चौबे, बसंत यादव, विनेश यादव उर्फ बबलू, रघुवीर टंडन, सूरज ओगरे और संजय बरेठ एकजुट होकर खेत पहुंचे और जबरन जोताई कर धान की बुआई करने लगे।

जब प्रार्थिया और उसके परिवार ने इसका विरोध किया तो मामला और अधिक उग्र हो गया। आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए प्रार्थिया के घर और आंगन में जबरन प्रवेश किया। इसके बाद घर के छप्पर और घरेलू सामान में जमकर तोड़फोड़ की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट भी की, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 190, 191(2), 333 एवं 324(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी को तत्काल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त काले रंग की Hyundai Creta कार और मारपीट में प्रयुक्त डंडा जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जमीन विवाद या किसी भी अन्य कारण से कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने, मारपीट, बलवा और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से भी अपील की गई है कि वे विवादों का समाधान कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से करें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
