दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के गोंदिया–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रेलखंड का वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड स्तर पर व्यापक संरक्षा निरीक्षण संपन्न।
दपूमरे, नागपुर मंडल । रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के गोंदिया–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रेलखंड में आज दिनांक 24 जून 2026 को वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (एसएजी) स्तर का बहु-विषयक अंतर-रेलवे संरक्षा निरीक्षण संपन्न किया गया। यह निरीक्षण प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी अनुप सतपथी के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर नागपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले के साथ मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति भी रही। निरीक्षण के दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने निरीक्षण दल के साथ संरक्षा व्यवस्थाओं, परिचालन प्रक्रियाओं तथा आधारभूत संरचनाओं का संयुक्त रूप से अवलोकन किया तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
इस क्रम में गोंदिया से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रेलखंड का विंडो निरीक्षण कर रेल पथ, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, परिचालन प्रणाली तथा संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के अंतर्गत मार्ग स्टेशनो एवं यार्ड का विस्तृत अवलोकन किया गया।

संरक्षा निरीक्षण के दौरान पुल, वक्र, अभियांत्रिकी विभाग एवं परिचालन विभाग से संबंधित समपार फाटकों का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त क्रू एवं ट्रेन प्रबंधक लॉबी, रनिंग रूम, ट्रैक्शन उपकेंद्र, दुर्घटना राहत चिकित्सा यान तथा दुर्घटना राहत रेलगाड़ी (एआरटी) की उपलब्धता एवं तत्परता का भी परीक्षण किया गया।

निरीक्षण दल द्वारा विभिन्न रेल प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर संरक्षा मानकों के अनुपालन, उपलब्ध संसाधनों की स्थिति, कार्यप्रणालियों की प्रभावशीलता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया।
इस संरक्षानिरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का परीक्षण कर संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, संभावित कमियों की पहचान करना तथा सुधारात्मक उपायों को प्रभावी रूप से लागू करना है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नागपुर मंडल सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा यात्रियों एवं रेल संपत्तियों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर ऐसे व्यापक संरक्षा निरीक्षण आयोजित करता रहता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
