चखना दुकान के बाहर खड़ी 6 लाख की ब्रेजा कार चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। चखना दुकान के बाहर खड़ी करीब 6 लाख रुपये कीमत की Maruti Suzuki Brezza कार चोरी होने के मामले में चांपा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त कार्रवाई में जांजगीर-चांपा पुलिस की चांपा थाना और साइबर थाना टीम ने सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी ट्रैकिंग की मदद से आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने चोरी गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मिर्जा अफजल बेग, निवासी चांपा ने 23 जून 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित एक चखना दुकान की देखरेख करते हैं। घटना वाली रात उन्होंने अपनी Maruti Suzuki Brezza कार दुकान के बाहर पेड़ के नीचे खड़ी की थी।
रात में थकान के कारण वह दुकान के भीतर सो गए थे। कार की चाबी और मोबाइल उन्होंने अपने सिरहाने रखा हुआ था। सुबह नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि चाबी गायब है। जब बाहर जाकर देखा तो कार भी वहां से गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते और कार के पास आते-जाते नजर आया।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कन्हैया कश्यप (26 वर्ष), पिता जीवनलाल कश्यप, निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में हुई। जब पुलिस उसकी तलाश में घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक की गई।
विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने आरोपी को हथनेवरा फोरलेन के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई Maruti Suzuki Brezza कार बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी को 24 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, बलवंत धृतलहरे, आरक्षक प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, माखन साहू एवं पद्मराज सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
