धुरकोट में 2.50 लाख का गांजा पकड़ाया, बाइक से तस्करी कर रहा आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की घेराबंदी में फंसा तस्कर, 5 किलो गांजा जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल
जांजगीर-चांपा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम धुरकोट के पास पुलिस ने घेराबंदी कर गांजा परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार जिले के विजय कुमार पाण्डेय द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

23 जून 2026 को कोतवाली पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर ग्राम धुरकोट की ओर से आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम घसियाराम साहू निवासी शिवरीनारायण बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने दी चेतावनी
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, आरक्षक सुनील सूर्यवंशी, दुर्गेश राठौर, दिलीप सिंह और विनोद राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
