जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से व्यापारिक चुनौतियों तक मंथन, 28 जून को बिलासपुर में सराफा महा सम्मेलन

0
image_search_1782349588724

प्रदेशभर के सराफा व्यापारी होंगे शामिल, उद्योग विकास, सुरक्षा और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन द्वारा आगामी 28 जून को बिलासपुर के रामदेव लान, मंगला चौक में सराफा महा सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में सराफा व्यवसायियों की सहभागिता रहने की संभावना है। इस आयोजन में व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, चुनौतियों और उद्योग के भविष्य को लेकर व्यापक मंथन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सराफा व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उद्योग की चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं पर सार्थक चर्चा करना है। साथ ही सराफा उद्योग के विकास के लिए आवश्यक मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

NTPC World Environment Day

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना और इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा स्वर्णकला बोर्ड के गठन की आवश्यकता और उसके महत्व पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन में सराफा व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद आयोजित होगा। पुलिस विभाग तथा भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारी व्यापारियों को सुरक्षा उपायों, नियमों और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी देंगे।

कार्यक्रम में ये प्रमुख अतिथि रहेंगे उपस्थित
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में अरुण साव शामिल होंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहेंगे।

विशिष्ट अतिथियों में सांसद राजेश वर्मा, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, पूर्व विधायक कृष्ण कुमार बांधी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थोरानी तथा एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

सम्मेलन के दौरान सराफा रत्न सम्मान के माध्यम से उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ सदस्यों, एसोसिएशन के आधार स्तंभों और विभिन्न इकाइयों के अध्यक्षों का सम्मान किया जाएगा। नवगठित सदस्यों का स्वागत भी किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि सम्मेलन में खुला मंच भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें व्यापारी अपनी समस्याएं, सुझाव और मांगें सीधे रख सकेंगे। उम्मीद है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों और संभागों से बड़ी संख्या में सराफा कारोबारी इस सम्मेलन में शामिल होकर उद्योग के भविष्य की दिशा तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!