नशे को कहा ‘ना’, साहसी दुल्हन बनी महिला सशक्तिकरण की मिसाल; पुलिस ने बनाया महिला काउंसलर

0
IMG-20260625-WA0798

जांजगीर-चांपा। नशामुक्त समाज और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देने वाली एक साहसी बेटी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष सम्मान प्रदान किया है। विवाह समारोह के दौरान शराब के नशे में धुत दूल्हे को देखकर बारात लौटाने का साहसिक निर्णय लेने वाली युवती अब समाज के लिए प्रेरणा बन गई है। पुलिस ने उनके साहस और सामाजिक सोच को सम्मान देते हुए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर में महिला काउंसलर नियुक्त किया है।

जानकारी के अनुसार थाना चांपा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमंदा की एक युवती ने अपने विवाह समारोह के दौरान उस समय बड़ा फैसला लिया, जब सिंदूर रस्म के समय उसने दूल्हे को शराब के नशे में धुत पाया। आत्मसम्मान और भविष्य को प्राथमिकता देते हुए युवती ने तत्काल विवाह से इंकार कर दिया और पूरी बारात को वापस लौटा दिया। उनके इस फैसले की पूरे क्षेत्र में व्यापक सराहना हुई थी।

इस साहसी कदम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने युवती को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवती का यह निर्णय न केवल नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश है, बल्कि समाज में महिलाओं के आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का भी प्रतीक है।

NTPC World Environment Day

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी और विशेषकर महिलाओं के लिए यह घटना प्रेरणास्रोत है। नशे के खिलाफ आवाज उठाना और गलत परिस्थितियों में समझौता न करना सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और पारिवारिक विवादों के समाधान में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से युवती को परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर में महिला काउंसलर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस का मानना है कि उनके जीवन अनुभव और साहस से अन्य महिलाएं भी प्रेरित होंगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

युवती के इस निर्णय को महिला सम्मान, आत्मगौरव और नशामुक्त समाज की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा दिया गया यह सम्मान निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता को नई दिशा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!