‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी कार्रवाई, 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ और पिकअप वाहन जब्त
रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ सहित एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹6.85 लाख आंकी गई है। आरोपी कबाड़ कारोबारी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पूंजीपथरा और आसपास के क्षेत्रों में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना पूंजीपथरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन क्रमांक CG13UJ2186 में कबाड़ खरीदते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलवंत सारथी (40 वर्ष), पिता सुंदरलाल सारथी, निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ बताया।
वाहन में लोड कबाड़ के संबंध में जब पुलिस ने वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में वाहन में लगभग 2.85 टन कबाड़ मिला, जिसकी अनुमानित कीमत ₹85,500 बताई गई। कबाड़ के चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में कबाड़ जब्त कर लिया।
इसके साथ ही करीब ₹6 लाख मूल्य का पिकअप वाहन भी पुलिस ने जब्त किया। इस प्रकार कुल ₹6,85,500 मूल्य की संपत्ति पुलिस कब्जे में ली गई।
पुलिस ने आरोपी बलवंत सारथी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क), 35(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के अवैध व्यापार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आने वाले दिनों में भी सघन अभियान चलाया जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
