सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों को मिली नई रफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
मस्तूरी विधानसभा के ग्राम रांक हाई स्कूल में नवप्रवेशी छात्राओं को वितरित की गईं साइकिलें
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रांक स्थित शासकीय हाई स्कूल में निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा 9वीं में नवप्रवेशी छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उनका कहना था कि अब विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना तथा विद्यालय तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2004-05 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में की गई थी। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह योजना प्रदेशभर के हाई स्कूलों में प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।

वक्ताओं ने कहा कि कई छात्राओं को लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुंचना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब साइकिल मिलने से वे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी, पढ़ाई में नियमितता बनी रहेगी और स्कूल छोड़ने की संभावना भी कम होगी। यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है और बेटियों की शिक्षा समाज एवं राष्ट्र के विकास की आधारशिला है।
इस अवसर पर ग्राम रांक के सरपंच विक्रम प्रताप सूर्यवंशी, प्रणव शर्मा, जोहन वस्त्रकर, गंगाधर मंजारे, सुरेश राठौर, विद्यालय के प्राचार्य केदारनाथ, हेमलता वर्मा, साहू सर, विपुल मिश्रा, विनोद राठौर, बलराम मेहरा, देवांगन पैनोरे, भानु प्रकाश, अनिल गंधर्व, राकेश राठौर सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि “बेटियां पढ़ेंगी, तभी विकास गढ़ेंगी।” उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सदुपयोग कर नियमित अध्ययन करने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

