रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के 71वें स्थापना दिवस पर नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व

0
IMG-20260710-WA0689

डॉ. प्रीता लाल बनीं अध्यक्ष, समाजसेवा, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के नए प्रकल्पों की घोषणा

रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के 71वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों का पौधा, श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मान किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए रोटरी क्लब की नई कार्यकारिणी ने शपथ लेकर अपने दायित्वों का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. प्रीता लाल ने अपनी टीम के साथ पदभार संभाला। उनके साथ पूर्व अध्यक्ष उत्तम गर्ग, सचिव अरविंद जोशी, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश पांडे, कोषाध्यक्ष समीर सिंह, सह सचिव योगेश अग्रवाल, उज्ज्वल बत्रा, जयंत थोराट, गिरीश वोरा, इंदिरा मिश्र, प्रदीप गोविंद शितूत, समीर रक्षित, अनिश नरनोलिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने दायित्व ग्रहण किए।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रांतपाल आलम सिंह रूपरा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई तथा समाजहित में दीर्घकालिक और प्रभावी सेवा प्रकल्प संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानव सेवा का वैश्विक अभियान है। क्लब को ऐसे नवाचारों पर कार्य करना चाहिए जिनका समाज पर स्थायी और सकारात्मक प्रभाव पड़े।

NTPC World Environment Day

कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष उत्तम गर्ग ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि रोटरी क्लब आगे भी सेवा की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. प्रीता लाल ने आगामी कार्यकाल की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा संचालित निशुल्क कंप्यूटर कौशल प्रशिक्षण केंद्र का विस्तार करते हुए इसे दानी स्कूल में भी प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही सिलाई कौशल प्रशिक्षण केंद्र को पुनः शुरू किया जाएगा, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए श्रवण संबंधी समस्याओं के परीक्षण एवं उपचार हेतु विशेष स्वास्थ्य परियोजना शुरू की जाएगी। इसके अलावा मेडिकल कैंप, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता, रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण तथा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

सहायक प्रांतपाल मोनिका जग्गी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सभी सदस्यों से सेवा भावना, समर्पण और टीमवर्क के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोटरी की पहचान समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की है और नई टीम इस परंपरा को और मजबूत करेगी।

समारोह में रोटरी फाउंडेशन के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने 11 हजार रुपये तथा रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपोलिटन ने 21 हजार रुपये का चेक प्रांतपाल आलम सिंह रूपरा को भेंट किया। रोटेरियन राज दुबे ने भी फाउंडेशन के लिए सहयोग राशि प्रदान की। प्रांत की प्रथम महिला हरपाल रूपरा ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिकाधिक लोगों से मानव सेवा के इस अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन भरत डागा ने किया, जबकि सचिव अरविंद जोशी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित रोटेरियनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में सुभाष साहू, राकेश दवे, शशि वरवंडकर, दीपक मेहता सहित रायपुर शहर के 13 रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया। नई कार्यकारिणी ने समाजहित के विभिन्न नवाचारों के माध्यम से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!