रायपुर में लाखों की चोरी का खुलासा: शातिर नकबजन सहित चार गिरफ्तार, 7.71 लाख के जेवर और नकदी बरामद

0
IMG-20260716-WA1515

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम-साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई, मास्टरमाइंड पवन मंडल निकला आदतन चोर

रायपुर । रायपुर पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर नकबजन और विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 7 लाख 71 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले का मुख्य आरोपी पवन मंडल निकला, जिसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

सूने मकान को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के अमलीडीह स्थित बी.एस.यू.पी. कॉलोनी निवासी बिस्वंबर महानंद ने 23 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 12 बजे वह घर में ताला लगाकर पंडरी गया था। दो घंटे बाद लौटने पर घर का पिछला दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो अज्ञात चोर अलमारी और उसके दोनों लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी लेकर फरार हो चुके थे।

शिकायत के आधार पर थाना न्यू राजेंद्र नगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(2) एवं 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पुराने चोरी के मामलों में संलिप्त अपराधियों की जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आदतन चोर पवन मंडल घटना के समय कुछ लड़कों के साथ घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस की पूछताछ में पवन मंडल ने तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीनों बालकों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलाकर नया रूप दे दिया गया था, ताकि पहचान न हो सके।

7.71 लाख का मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात और नगदी बरामद की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 7 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दो दर्जन से अधिक मामलों में शामिल रहा है मास्टरमाइंड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पवन मंडल (35 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना, थाना खम्हारडीह रायपुर, एक आदतन और शातिर नकबजन है। उसके खिलाफ रायपुर शहर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में कई बार गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भी जा चुका है।

संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता

रायपुर पुलिस ने बताया कि यह सफलता एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का परिणाम है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि वे अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। साथ ही उनके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!