प्रधानमंत्री के जनस्वास्थ्य विजन को मिली बड़ी सफलता
एचपीवी टीकाकरण में बलरामपुर-रामानुजगंज प्रदेश में अव्वल, 100 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बनाया नया कीर्तिमान
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनस्वास्थ्य विजन के तहत संचालित राष्ट्रव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यू-विन प्रगतिशील रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा जिला प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी रणनीति के चलते स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से यह सफलता मिली। दूरस्थ और विशेष पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 8,785 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य था, जिसके विरुद्ध 8,763 किशोरियों का टीकाकरण पूर्ण किया गया। अभियान के दौरान डोर-टू-डोर संपर्क, विशेष टीकाकरण सत्र, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र किशोरियों की पहचान तथा अभिभावकों की शंकाओं का समाधान कर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने इस उपलब्धि के लिए सभी विभागों, मितानिनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अभियान से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क, प्रभावी समन्वय और जनसहभागिता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

