सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी

0
IMG-20260722-WA0951

रायपुर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एसीपी न्यायालय में किया गया पेश

रायपुर। सोशल मीडिया पर हथियार जैसी दिखने वाली वस्तुओं के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर आम लोगों में भय या भ्रम का माहौल बनाने वालों के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो अपलोड करने वाले एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, थाना टिकरापारा को सूचना मिली थी कि एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइटर पिस्टल के साथ अपना फोटो पोस्ट किया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले का सत्यापन किया और जांच शुरू की।

जांच के दौरान युवक की पहचान राहुल छतरी (27 वर्ष), पिता रवि छतरी, निवासी मठपुरैन बीएसयूपी कॉलोनी, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई। पूछताछ और तस्दीक में यह पुष्टि हुई कि उसने सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ अपना फोटो अपलोड किया था।

NTPC World Environment Day

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट से आम लोगों में भ्रम या दहशत का माहौल बन सकता है। इसलिए भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद आरोपी को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा हथियार या हथियार जैसी वस्तुओं के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करने से बचें। ऐसी गतिविधियों पर पुलिस की सतत निगरानी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!