भारतीय रिजर्व बैंक की वित्तीय साक्षरता परियोजना के तहत विद्यार्थियों को बैंकिंग और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

0
Screenshot_20260723_115936

पथरिया के ग्राम बदरा (ब) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, डिजिटल फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय

मुंगेली/पथरिया। भारतीय रिजर्व बैंक के सहयोग से संचालित वित्तीय साक्षरता परियोजना के अंतर्गत पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत बदरा (ब) स्थित विद्यालय में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। समर्पित संस्था के माध्यम से संचालित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं, सरकारी वित्तीय योजनाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बैंकिंग प्रणाली, पंजीकृत वित्तीय संस्थानों में निवेश, बीमा योजनाओं तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) के लाभ और उनकी उपयोगिता से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल कॉल, फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी के माध्यम से साइबर अपराधी लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। उन्हें स्पष्ट रूप से समझाया गया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि कोई भी बैंक फोन कॉल के माध्यम से इस प्रकार की निजी जानकारी नहीं मांगता।

NTPC World Environment Day

समर्पित संस्था के पथरिया ब्लॉक काउंसलर अमित यादव ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल को स्वीकार न करें, क्योंकि इस माध्यम से भी साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं सामने आती हैं।

उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा भारतीय रिजर्व बैंक के हेल्पलाइन नंबर 14448 की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याएं सुनकर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित विद्यार्थियों ने बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।:::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!