नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार, अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
500-500 रुपये के चार जाली नोट बरामद, बैंक जांच में सभी नोट निकले फर्जी
जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस ने नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500-500 रुपये के चार जाली नोट बरामद किए हैं। आरोपी शराब दुकान में नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को थाना अकलतरा क्षेत्र स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक व्यक्ति 500 रुपये का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद नोटों की जांच तत्काल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा में कराई, जहां सभी नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नकली नोट रायपुर से लेकर आया था और उन्हें शराब दुकान में खपाने का प्रयास कर रहा था।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना अकलतरा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 180 के तहत मामला पंजीबद्ध किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कमलदास बैनर्जी, प्रधान आरक्षक शरीफ खान, आरक्षक वाल्मीकि राठौर तथा आरक्षक महेंद्र राज की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है कि नकली नोटों का स्रोत क्या है और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

