शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ₹2.04 करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

0
IMG-20260722-WA1130

नया रायपुर से दबोचे गए आरोपी, लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल और चेकबुक जब्त

जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को नया रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।

आरोपियों की बातों में आकर शिकायतकर्ता सहित अन्य लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खाते में जमा करा दिए। आरोपियों ने निवेशकों को केवल ₹39,99,400 ही वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने में लगातार टालमटोल करते रहे और अंततः रकम का कथित रूप से गबन कर लिया।

NTPC World Environment Day

शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे। थाना चांपा पुलिस ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन एवं चेकबुक जब्त किए। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • हरिशंकर गुप्ता (43 वर्ष)
  • रेखा गुप्ता (42 वर्ष)

दोनों निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस ठगी का शिकार अन्य लोग भी हुए हैं या नहीं। साथ ही आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, आदित्य प्रताप सिंह एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!