अब किरायेदारों की जानकारी पुलिस को देना होगा अनिवार्य, आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

0
Screenshot_20260715_152656

एसपी विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर कलेक्टर ने जारी की निषेधाज्ञा, कानून-व्यवस्था और अवैध अप्रवासियों की पहचान पर रहेगा फोकस

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। अब जिले के सभी मकान मालिकों के लिए अपने किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना या पुलिस चौकी में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर द्वारा निषेधाज्ञा जारी किए जाने के बाद लागू किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने जिले में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस व्यवस्था की आवश्यकता जताई थी।

प्रशासन के अनुसार, इस आदेश का मुख्य उद्देश्य जिले में निवासरत बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करना, अवैध अप्रवासियों की पहचान करना, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोकना है।

NTPC World Environment Day

मकान मालिकों के लिए जरूरी निर्देश

निषेधाज्ञा के तहत मकान मालिकों को किरायेदार रखने से पहले उनकी पहचान एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करना होगा। साथ ही किरायेदार का नाम, स्थायी पता, मोबाइल नंबर और अन्य पहचान संबंधी जानकारी निकटतम थाना या पुलिस चौकी में उपलब्ध करानी होगी।

यदि कोई नया किरायेदार मकान में रहने आता है या पुराना किरायेदार मकान छोड़कर जाता है, तो इसकी सूचना भी तत्काल संबंधित पुलिस थाना या चौकी को देना अनिवार्य रहेगा। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना विलंब पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।

पुलिस ने की सहयोग की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे आदेश का पूर्ण पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और सहभागिता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है तथा जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है।

पुलिस ने संदेश दिया है कि “सतर्क नागरिक – सुरक्षित समाज” की भावना के साथ सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें, ताकि अपराधमुक्त और सुरक्षित जिले का निर्माण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!