सीए कार्यालय में लाखों की चोरी का खुलासा, 30 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

0
Screenshot_20260723_152452

पूर्व कर्मचारी ने साथी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम, 7.80 लाख रुपये नकद बरामद

रायपुर। रायपुर के सिविल लाइन स्थित सीए तारवानी एंड एसोसियेट्स कार्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 30 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का मुख्य आरोपी कार्यालय का पूर्व कर्मचारी निकला, जिसे कार्यालय में रखी नकदी की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7.80 लाख रुपये की नकद राशि बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, कार्यालय की कैशियर अपर्णा नायक ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई 2026 की सुबह कार्यालय के चालक ने उन्हें फोन कर चोरी की सूचना दी। सूचना मिलने पर वह कार्यालय संचालक चेतन तारवानी के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां देखा कि रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति कार्यालय में घुसकर कैश काउंटर का ताला कटर से काटकर उसमें रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया था।

शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 388/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्यालय के कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान संदेह कार्यालय के पूर्व कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया, जिसने कुछ समय पहले ही नौकरी छोड़ी थी। पुलिस ने उसे बिलासपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि कार्यालय में कार्य करने के दौरान उसे वहां रखी नकदी की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी लक्ष्मीनारायण ध्रुव को भी बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 लाख 80 हजार रुपये की नकद राशि बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश पोर्ते (39 वर्ष), निवासी दोमुहानी, जिला बिलासपुर तथा लक्ष्मीनारायण ध्रुव (24 वर्ष), निवासी बूटापारा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी उमेश पोर्ते पूर्व में भी मारपीट के मामलों में बिलासपुर जेल जा चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!