रायपुर निगम की बड़ी कार्रवाई, बोरियाखुर्द में पांच ब्लॉक के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
वार्ड-54 स्थित शिव विहार कॉलोनी में बिना अनुमति किए गए निर्माण को जेसीबी से हटाया गया
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए जोन-10 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक-54 अंतर्गत बोरियाखुर्द स्थित शिव विहार कॉलोनी में बिना अनुमति किए गए पांच ब्लॉक के अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई जोन-10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा, नगर निवेश विभाग के कार्य सहायक जितेन्द्र कौशिक, जोन-10 नगर निवेश उड़नदस्ता तथा नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस बल का भी सहयोग लिया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संगम मैरिज पैलेस के पीछे स्थित शिव विहार कॉलोनी, बोरियाखुर्द में निर्माणकर्ता पन्ना पाल द्वारा नगर निगम से आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना पांच ब्लॉक का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से उसे हटाया गया।


नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना वैधानिक स्वीकृति किए जाने वाले निर्माण कार्यों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों और भवन निर्माणकर्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नगर निगम से आवश्यक अनुमति प्राप्त करें और सभी निर्धारित नियमों का पालन करें, अन्यथा अवैध निर्माण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

