सेवा सेतु पोर्टल बना भरोसे का माध्यम, राजेन्द्र कुमार सारथी को सहजता से मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
व्हाट्सएप पर मिला प्रमाण पत्र, डिजिटल व्यवस्था से समाप्त हुई भागदौड़ और बढ़ा नागरिकों का भरोसा
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन पहल सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बना रही है। अब आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने से नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा निवासी राजेन्द्र कुमार सारथी इसका सजीव उदाहरण हैं, जिन्हें सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार के सदस्य रोजल सारथी का स्थायी जाति प्रमाण पत्र आसानी से प्राप्त हुआ।
श्री सारथी ने बताया कि पहले स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया काफी जटिल और समय लेने वाली थी। मिसल उपलब्ध नहीं होने, वंशावली के सत्यापन तथा अन्य अभिलेखों के मिलान में कठिनाई के कारण आवेदन लंबे समय तक लंबित रहता था। सेवा सेतु पोर्टल लागू होने के बाद पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और सरल हो गई। शासन के प्रावधानों के अनुसार परिवार के सदस्य का वर्ष 2006 के बाद जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र आधार बनने से उनका आवेदन शीघ्र स्वीकृत हो गया।

प्रमाण पत्र जारी होते ही उसकी पीडीएफ सीधे उनके व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध हो गई। साथ ही आवेदन की प्रत्येक चरण की जानकारी भी व्हाट्सएप के माध्यम से समय-समय पर मिलती रही, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुविधाजनक बनी रही। इससे उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और समय तथा अनावश्यक खर्च दोनों की बचत हुई।
श्री सारथी ने बताया कि अब लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से निर्धारित शुल्क पर आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने राज्य शासन की इस जनहितकारी पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ने वास्तव में शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के द्वार तक पहुंचा दिया है।
सेवा सेतु पोर्टल डिजिटल सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है, जो नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराते हुए शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत कर रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

