अमरकंटक पुलिस की बड़ी सफलता,दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक थाना पुलिस ने अपहरण के दो अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया । पुलिस की तत्परता , सतत खोजबीन और प्रभावी कार्रवाई से दोनों परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले मामले में 13 जून 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की रिपोर्ट थाना अमरकंटक में दर्ज कराई थी । इस संबंध में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई । लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 23 जुलाई 2026 को ग्राम रेंगड़िया टोला मोहंदी से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया ।

वहीं दूसरे मामले में 18 जुलाई 2026 को दर्ज शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 113/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया । पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जुलाई 2026 को ग्राम शिवरी चंदास थाना राजेंद्रग्राम जिला अनूपपुर से दूसरी नाबालिग बालिका को भी सुरक्षित दस्तयाब कर लिया ।
दोनों मामलों में बरामद बालिकाओं को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर उनके कथन दर्ज कराए गए तथा बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया । समिति के निर्देशानुसार आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया ।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के निर्देशन में अमरकंटक थाना प्रभारी लाल बहादुर तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुई । पहले मामले में सउनि पी.आर. धनंजय , आरक्षक रवि पटेल , पवन तिवारी एवं महिला आरक्षक शिवानी नरवरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही जबकि दूसरे मामले में सउनि ईश्वर यादव , प्रधान आरक्षक राजेन्द्र सिंह श्याम , आरक्षक कृष्णा सिंह राजावत एवं महिला आरक्षक शिवानी नरवरिया ने सराहनीय योगदान दिया ।
अमरकंटक पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे पुलिस की सजगता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

