शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोपी पीयूष जायसवाल फरार, गृह मंत्रालय ने जारी किया लुक आउट सर्कुलर

0
IMG-20260727-WA0613

जांजगीर-चांपा पुलिस की आमजन से अपील—आरोपी की सूचना दें, पहचान रखी जाएगी गोपनीय

जांजगीर-चांपा । शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार चल रहे आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। जांजगीर-चांपा पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर बड़ी मात्रा में निवेश कराया। बाद में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी कर वह फरार हो गया।

मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420, 406 और 34 तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 316(2), 111(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया था, लेकिन इसके बाद से वह लगातार न्यायालय में अनुपस्थित है।

NTPC World Environment Day

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना चांपा के प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी है। इसके अलावा बिलासपुर स्थित न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के मामले तथा कोरबा न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

लगातार फरार रहने और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण भारत सरकार के गृह मंत्रालय के माध्यम से आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। इसके तहत देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर आरोपी की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि उसके देश छोड़ने या प्रवेश करने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना, पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर-चांपा के मोबाइल नंबर 94791-93199 अथवा थाना चांपा प्रभारी के मोबाइल नंबर 79874-60292 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!