नजूल जमीन विवाद में बुजुर्ग की टांगी मारकर हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
रैरूमाखुर्द पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी व रक्तरंजित कपड़े किए जब्त, एसएसपी बोले—हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
रायगढ़ । रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर साजापाली में 76 वर्षीय बुजुर्ग बंधन राम पण्डो की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो (30 वर्ष) ने चौकी रैरूमाखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी और मां के साथ खेत में काम करने गया था। दोपहर में घर लौटने पर उसके पिता बंधन राम पण्डो घर के बाहर गांव के मकरदम उर्फ मुड़ी माझी के साथ पुराने जमीन विवाद को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसकी पुत्री अंजली पण्डो ने दौड़कर बताया कि आरोपी ने टांगी से दादाजी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया है।
परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी हाथ में टांगी लेकर फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभ में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर विवेचना आगे बढ़ाई गई।

जमीन विवाद में की वारदात
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी को उसके गृहग्राम धरमपुर से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर वर्षों से उसका मृतक के साथ विवाद चल रहा था। आरोपी ने बताया कि मृतक हर वर्ष उसकी खेती वाली जमीन का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में ले लेता था, जिससे वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने टांगी से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक विवेचना के चलते इस गंभीर हत्या की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली गई।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत करें। हिंसा का रास्ता अपनाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

