उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से दिव्यांग समझराम साहू को मिली बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल
अब आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ कर सकेंगे दैनिक कार्य रायपुर । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत भागुटोला अंतर्गत ग्राम चिमागोंदी निवासी दिव्यांग समझराम साहू के जीवन में भी ऐसा ही बदलाव आया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की संवेदनशील पहल से उन्हें बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल उपलब्ध कराई गई, जिससे अब उनका आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो गया है।
दैनिक कार्यों के लिए अन्य लोगों पर रहना पड़ता था निर्भर
समझराम साहू लंबे समय से दिव्यांगता के कारण आने-जाने में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। दैनिक कार्यों के लिए भी उन्हें परिजनों अथवा अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था। अपनी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के अनुरूप समाज कल्याण विभाग ने त्वरित पहल करते हुए विधायक कार्यालय कवर्धा में समझराम साहू को आज बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की।
अपने कार्यों के लिए आसान होगा आना जाना
मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्राप्त करने के बाद समझराम साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले उन्हें घर से बाहर निकलने में काफी कठिनाई होती थी। अब बैटरी चलित ट्रायसायकल मिलने से वे स्वयं अपने कार्यों के लिए आसानी से आना जाना कर सकेंगे। इससे उनके जीवन में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील पहल ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। यह सहायता उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जीने का माध्यम है। इस अवसर पर नरेन्द्र मानिकपुरी, अमर कुर्रे, मंजीत बैरागी, ओमकार साहू, विनायक सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

