छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने बढ़ाया प्रदेश का मान, राष्ट्रमंडल खेल 2026 में जीता रजत पदक : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
रायपुर । वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 (CWG 2026) में महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने पर खेलो इंडिया की होनहार एथलीट एवं छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि कड़े मुकाबले के बीच ज्ञानेश्वरी यादव ने अद्भुत साहस, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीतकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने आज यूरोप के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर प्रदेश के तीन करोड़ छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि राज्य की खेल प्रतिभाओं के लिए नई प्रेरणा लेकर आई है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि खेलो इंडिया जैसी पहल से देश और प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है तथा ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। उनका समर्पण, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प देशभर के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने ज्ञानेश्वरी यादव को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए पुनः हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अनंत शुभकामनाएं दीं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

