राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित आवास पर किया सम्मान
रात्रि भोज पर आमंत्रित कर उपलब्धि के लिए दी शुभकामनाएँ, कहा—ज्ञानेश्वरी ने छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया
नई दिल्ली । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की प्रतिभाशाली भारोत्तोलक सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव को नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर रात्रि भोज के लिए आमंत्रित कर सम्मानित किया तथा उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर श्री साहू ने ज्ञानेश्वरी यादव का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी ने न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है और वे नई पीढ़ी के खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत बनी हैं।


श्री साहू ने उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में 199 किलोग्राम (88 किलोग्राम स्नैच एवं 111 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क) का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन उनकी कठोर मेहनत, अनुशासन, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देने का अवसर मिला था, वहीं आज नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर उनका स्वागत कर व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएँ देना उनके लिए अत्यंत सुखद और गौरवपूर्ण क्षण है।
श्री साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए अनेक पदक अर्जित करेंगी तथा विश्व मंच पर तिरंगे का गौरव निरंतर बढ़ाती रहेंगी।
इस अवसर पर सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने तोखन साहू द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा प्रदान करता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
