भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में देर रात तक राहत एवं निगरानी कार्य जारी
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्वास्थ,सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के दिए विस्तृत निर्देश
प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं सुरक्षित स्थानों पर शिफ्टिंग की व्यवस्था की जा रही सुनिश्चित

राहत एवं बचाव के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम

मुंगेली/लोरमी । जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन एवं मैदानी अमला लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। कलेक्टर ने आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाए सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।लोरमी विकासखंड एवं आसपास के चिन्हांकित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में देर रात तक प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। लोरमी एसडीएम द्वारा देर रात नगर के विभिन्न जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रभावित रहवासियों से बातचीत कर उन्हें सतर्क एवं सावधान रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी गई। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वर्तमान में स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।
कारिडोंगरी पुल पर बैरिकेडिंग, आवागमन को लेकर सतर्कता
भारी बारिश के कारण कारिडोंगरी पुल पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कर दी गई है। प्रशासन द्वारा मौके का निरीक्षण कर लोगों को पुल के आसपास अनावश्यक आवागमन नहीं करने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
इसी तरह मुंगेली में बुधवारी बाजार से रामगढ़ जाने वाले मार्ग की पुलिया के ऊपर पानी बहने की सूचना पर भी तत्काल बैरिकेडिंग की गई। एसडीएम श्री अजय शतरंज द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा आवागमन एवं सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया गया।
अचानकमार–मनियारी नदी का पुल पर प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
रात में हुई अत्यधिक बारिश के कारण अचानकमार–मनियारी नदी पर स्थित पुल पर सुरक्षा की की दृष्टि से ऐतिहाती कदम उठाए गए हैं। पुल की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा मौके की स्थिति का आकलन किया जा रहा है तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा मार्ग की स्थिति पर विशेष निगरानी भी रखी जा रही है।
जलभराव वाले घरों से पानी निकालने का कार्य जारी
लोरमी नगर के विभा मसीह रोड स्थित आवासीय क्षेत्र में जलभराव की स्थिति सामने आने पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मड मशीन के माध्यम से जमा पानी को बाहर निकालने का कार्य कराया जा रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर स्वास्थ्य सुरक्षा,भोजन की व्यवस्था
भारी बारिश के कारण लोरमी विकासखंड में प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परसहापारा से बिजराकछार में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। प्रशासन द्वारा वहां ठहराए गए परिवारों के लिए रात्रिकालीन भोजन, सहित स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के भी उपाय किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का लगातार जायजा लिया जा रहा है तथा जरूरत के अनुसार भोजन, सुरक्षित आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रशासन की अपील—जलभराव एवं नदी-नालों के पास जाने से बचें
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले, पुल-पुलिया एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। बैरिकेडिंग वाले स्थानों से आगे न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
आपातकालीन स्थिति में कंट्रोल रूम से मिलेगी मदद
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला एवं अनुविभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए मुंगेली अनुविभाग में 07755299377 तथा पथरिया अनुविभाग में 07755-297212 कंट्रोल रूम नंबर जारी किए गए हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
