खबर का असर : खबर प्रकाशित होते ही जागा पंचायत अमला, नाली की सफाई से जलभराव से मिली निजात

0
IMG-20260809-WA0910

सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद कागजों में हो गई थी पानी निकासी, जमीनी हकीकत कुछ और; खबर के बाद हुई कार्रवाई

मुंगेली। जनपद पंचायत मुंगेली के अंतर्गत ग्राम पंचायत निरजाम में लंबे समय से सड़क पर जमा गंदे पानी की समस्या आखिरकार दूर हो गई। ‘अपना छत्तीसगढ़’ पोर्टल द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पंचायत स्तर पर नाली की सफाई कराई गई, जिसके बाद सड़क पर जमा गंदा पानी निकल गया और राहगीरों एवं स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत निरजाम के हितग्राही देवराज साहू ने 25 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पूर्व सरपंच देवचरण साहू के घर के सामने सड़क पर काफी दिनों से गंदा पानी जमा है। सड़क पर जलभराव के कारण राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

कागजों में पूरी हो गई थी पानी निकासी

शिकायत के बाद जांच टीम द्वारा पानी निकासी की समस्या का निराकरण किए जाने की जानकारी दर्ज कर दी गई थी। हालांकि, शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों के अनुसार मौके की स्थिति इससे अलग थी। जमीनी स्तर पर न तो नाली की समुचित सफाई हुई थी और न ही सड़क पर जमा पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो पाया था।

NTPC World Environment Day

इसके बाद ‘अपना छत्तीसगढ़’ पोर्टल ने मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित अमले ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाली की सफाई कराई।

9 अगस्त को हुई सफाई, लोगों को मिली राहत

9 अगस्त 2026 को नाली की सफाई किए जाने के बाद सड़क पर लंबे समय से जमा गंदे पानी की निकासी हो गई। इससे रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जलभराव से राहत मिली। लंबे समय से परेशानी झेल रहे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

शिकायतकर्ता देवराज साहू ने समस्या को प्रमुखता से उठाने और उसके निराकरण में भूमिका निभाने के लिए ‘अपना छत्तीसगढ़’ पोर्टल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को सामने लाने और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने में समाचार माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और नालियों की नियमित सफाई व्यवस्था बनी रहे तो भविष्य में इस तरह जलभराव की स्थिति से बचा जा सकता है। ग्रामीणों ने पंचायत से नाली की नियमित सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था की निगरानी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!