बलरामपुर और रामानुजगंज को जल्द मिलेगा बायपास की सौगात

0
IMG-20260811-WA1339

मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में की सौजन्य मुलाकात

केंद्रीय मंत्री ने डीपीआर तैयार करने अधिकारियों को दिए निर्देश

बायपास बनने से यातायात सुगम होने के साथ दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश

अंतर्राज्यीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर । छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मंत्री गडकरी से इस दौरान बलरामपुर एवं रामानुजगंज शहरों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-343 पर बायपास मार्गों की स्वीकृति का आग्रह किया। नेताम ने दोनों शहरों में बढ़ते यातायात दबाव, दुर्घटनाओं की आशंका तथा अंतर्राज्यीय वाणिज्यिक गतिविधियों को देखते हुए 4-लेन बायपास निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए शीघ्र स्वीकृति की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने मंत्री नेताम की मांग पर शीघ्र डीपीआर तैयार करने अधिकारियों को निर्देशित किया। केंद्रीय मंत्री के इस सकारात्मक रुख से बलरामपुर और रामानुजगंज क्षेत्र में लंबे समय से महसूस की जा रही बायपास की आवश्यकता पूरी होने की उम्मीद बढ़ी है।

छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्ग

मंत्री नेताम ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि अम्बिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-343 छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्ग है। इस मार्ग से यात्री बसों, छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों, भारी मालवाहकों तथा आम नागरिकों का बड़ी संख्या में आवागमन होता है। प्रशासनिक एवं विशिष्टजनों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है।

NTPC World Environment Day

मंत्री नेताम ने बताया कि बलरामपुर जिला मुख्यालय राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के शहरी हिस्से में स्थित है। शहर के दोनों ओर घनी व्यावसायिक एवं आवासीय बसाहट होने के कारण छोटे वाहनों से लेकर भारी मालवाहकों तक का आवागमन शहर के भीतर से होता है। इससे आए दिन यातायात जाम की स्थिति निर्मित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ते आवागमन के कारण शहरी क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। भारी वाहनों के शहर के भीतर से गुजरने के कारण स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही सड़क सुरक्षा की दृष्टि से भी स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रहती है। ऐसे में शहर के बाहर से बायपास मार्ग उपलब्ध होने से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलने की संभावना है।

नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की मिलेगी सुविधा

केंद्रीय मंत्री से बलरामपुर शहरी क्षेत्र के लिए लगभग 10 किलोमीटर लंबाई के 4-लेन बायपास को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। प्रस्तावित बायपास बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

बायपास बनने के बाद शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने से यातायात को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी। विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों को शहर के बाहर से गुजरने की सुविधा मिलने से जाम और दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आने की उम्मीद है।

इसी प्रकार रामानुजगंज शहर के लिए लगभग 8 किलोमीटर लंबाई के 4-लेन बायपास की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। मंत्री नेताम ने बताया कि रामानुजगंज अंतर्राज्यीय आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है। शहर के भीतर ही स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों, शासकीय एवं निजी वाहनों के साथ-साथ भारी व्यावसायिक एवं मालवाहक वाहनों का आवागमन होने से यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है।

रामानुजगंज की भौगोलिक एवं व्यावसायिक स्थिति को देखते हुए बायपास का निर्माण सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर के बाहर से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने से स्थानीय यातायात और अंतर्राज्यीय यातायात को अलग-अलग संचालित करने में सुविधा मिल सकती है।

छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन को मिलेगी गति

मंत्री नेताम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण एवं यातायात में संभावित वृद्धि के साथ आने वाले समय में शहरी क्षेत्र में यातायात संबंधी चुनौतियां और बढ़ सकती हैं। ऐसे में समय रहते बायपास का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और नगरीय विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा।

उन्होंने कहा कि बलरामपुर और रामानुजगंज में बायपास मार्गों का निर्माण केवल यातायात सुगमता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन को गति मिलेगी। भारी वाहनों को शहरों के बाहर से सुगम मार्ग उपलब्ध होने से परिवहन समय और यातायात दबाव में कमी आएगी।

इसके साथ ही दोनों शहरों में व्यवस्थित नगरीय विकास, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और राजस्व वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। शहरों के भीतर यातायात का दबाव कम होने से स्थानीय बाजार और नागरिक क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।

मंत्री नेताम ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि एनएच-343 के कॉरिडोर योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य के लिए क्रमशः 397.44 करोड़ रुपये और 199.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति पूर्व में प्रदान की जा चुकी है तथा संबंधित निर्माण कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने इसी क्रम में बलरामपुर एवं रामानुजगंज के शहरी हिस्सों में बायपास निर्माण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के विकास के साथ क्षेत्र में यातायात और परिवहन गतिविधियों में वृद्धि की संभावना है। इसलिए शहरी क्षेत्रों में बायपास का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण होगा।

बायपास निर्माण से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सड़क कनेक्टिविटी होगी मजबूत

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दोनों बायपास प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए शीघ्र स्वीकृति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने मंत्री नेताम की मांग पर अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

मंत्री नेताम ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बायपास निर्माण से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ क्षेत्र के आर्थिक एवं नगरीय विकास को नई गति मिलेगी।

बलरामपुर और रामानुजगंज के लिए प्रस्तावित 4-लेन बायपास मार्गों से स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने के साथ भारी वाहनों को शहरों के बाहर से आवागमन का विकल्प मिलेगा। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश और अंतर्राज्यीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बायपास निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। दोनों शहरों के व्यवस्थित विकास की दिशा में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!