महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में 34 प्रकरणों पर सुनवाई, 08 प्रकरण नस्तीबद्ध

0
IMG-20260908-WA1302

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में आज आयोग कार्यालय रायपुर में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई आयोजित की गई। प्रदेश स्तर पर यह आयोग की पांचवीं तथा रायपुर जिले में चौथी जनसुनवाई थी। सुनवाई हेतु कुल 34 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें 23 प्रकरणों की सुनवाई की गई तथा 08 प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकरणों में आवेदिकाओं की शिकायतों एवं संबंधित पक्षों के कथनों को विस्तारपूर्वक सुना गया। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण एवं जान से मारने की धमकी से संबंधित प्रकरण में आयोग द्वारा संबंधित थाना को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पति द्वारा मानसिक प्रताड़ना, दूसरी महिला के साथ रहने तथा पत्नी एवं पुत्री को भरण-पोषण नहीं दिए जाने के प्रकरण में आवेदिका को न्यायालय के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने की सलाह दी गई। प्रकरण के समुचित निराकरण तक इसकी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

NTPC World Environment Day

इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में अनावेदक की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। भरण-पोषण से संबंधित प्रकरण में पुलिस अधीक्षक रायपुर को प्रकरण की जांच कर प्रतिवेदन आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

पारिवारिक विवाद से संबंधित प्रकरण में दोनों पक्षों को सुनने के उपरांत विवाद की स्थिति को देखते हुए पृथक-पृथक किराये के आवास में रहने के निर्देश दिए गए। वहीं सामाजिक बहिष्कार से संबंधित प्रकरण में अनावेदकगणों को आवेदिकागणों को पुनः समाज में शामिल करने तथा अनुचित रूप से लगाए गए दंड को हटाने के निर्देश दिए गए।

आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों में संबंधित विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रकरणों के त्वरित एवं समुचित निराकरण के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!