अस्पताल में डॉक्टर से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, हाथ मरोड़ने की शिकायत
बच्चे के इलाज को लेकर विवाद के बाद हंगामा, डॉक्टर ने सिटी कोतवाली में दी लिखित शिकायत; सीसीटीवी फुटेज से जांच की मांग
मुंगेली । शहर के ए-वन अस्पताल में बच्चे के उपचार को लेकर विवाद के बाद डॉक्टर से गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर पूरन साहू ने सिटी कोतवाली मुंगेली में लिखित शिकायत देकर धनसिंह डाहिरे और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर का आरोप है कि बच्चे के इलाज और अस्पताल की सुविधा को लेकर पहले विवाद हुआ, जिसके बाद धनसिंह डाहिरे दोबारा अस्पताल पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उसके साथ आए व्यक्ति पर डॉक्टर का हाथ मरोड़ने का आरोप लगाया गया है।

तीन बजे बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचा था व्यक्ति

पुलिस को दिए शिकायत आवेदन के अनुसार डॉक्टर पूरन साहू ए-वन अस्पताल मुंगेली में करीब छह वर्षों से कार्यरत हैं। शिकायत में बताया गया है कि 8 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे धनसिंह डाहिरे अपने बच्चे का उपचार कराने अस्पताल पहुंचा था। इस दौरान अस्पताल के डायरेक्टर से प्राइवेट रूम में एसी उपलब्ध कराने की बात को लेकर विवाद होने तथा गाली-गलौज करने का आरोप शिकायत में लगाया गया है। इसके बाद वह अस्पताल से चला गया।
एक घंटे बाद दोबारा पहुंचने का आरोप
शिकायत के मुताबिक शाम करीब 4 बजे धनसिंह डाहिरे दोबारा अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि उस समय वह शराब के नशे में था और उसने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इलाज का पैसा नहीं देने की बात कहते हुए बच्चे का अधूरा इलाज कराने तथा डॉक्टर को मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
साथी ने हाथ मरोड़ा, कलाई में चोट का दावा
डॉक्टर पूरन साहू ने शिकायत में आरोप लगाया है कि धनसिंह डाहिरे के साथ आए एक व्यक्ति, जिसका नाम वह नहीं जानते, ने उनका हाथ मरोड़ दिया। इससे उनके बाएं हाथ की कलाई में चोट लगने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार विवाद के दौरान धनसिंह डाहिरे ने खुद को प्रेस वाला बताते हुए कथित रूप से धमकी दी कि ‘जो करना हो कर लेना, मेरा पुलिस भी कुछ नहीं उखाड़ सकता।’
इसके बाद धनसिंह डाहिरे अपने बच्चे को लेकर अस्पताल से चला गया। शिकायत में डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया है कि बच्चे के उपचार का भुगतान नहीं किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकता है घटनाक्रम
डॉक्टर पूरन साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। यदि पुलिस फुटेज को जांच में शामिल करती है तो विवाद की शुरुआत से लेकर अस्पताल से संबंधित व्यक्ति के जाने तक का घटनाक्रम स्पष्ट हो सकता है।
थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े मुंगेली ने कहा कि “मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर संबंधित व्यक्ति को तलब किया जा रहा है, उससे पूछताछ के बाद आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।”
49231072292589305.jpg)

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
