उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
बांधाटोला, विचारपुर और बीजा बैरागी पहुंचकर दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि, घायलों के उपचार की ली जानकारी
रिपोर्टर कमलेश सिंह, ब्यूरो कवर्धा

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में कबीरधाम जिले के प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और जनप्रतिनिधि प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि घायलों के उपचार एवं अन्य आवश्यक सहायता के संबंध में भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बांधाटोला पहुंचकर दिवंगत गनेशिया पटेल को दी श्रद्धांजलि
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम बांधाटोला पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क हादसे में दिवंगत गनेशिया पटेल, उम्र 26 वर्ष के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
हादसे में परिवार के मुकेश पटेल, उम्र 5 वर्ष और डाली पटेल, उम्र 2 वर्ष घायल हुए हैं। उप मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिजनों से उपचार के संबंध में चर्चा की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसी गांव में उन्होंने हादसे में घायल ललिता पटेल, उम्र 26 वर्ष, तन्मय पटेल, उम्र 2 वर्ष और रामप्यारी पटेल, उम्र 50 वर्ष के परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विचारपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को दी श्रद्धांजलि
इसके बाद उप मुख्यमंत्री शर्मा ग्राम विचारपुर पहुंचे। यहां सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों मीनाक्षी वर्मा, उम्र 25 वर्ष, सरिता वर्मा, उम्र 25 वर्ष और ग्रीशा वर्मा, उम्र 2 वर्ष का निधन हुआ है।
उप मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
बीजा बैरागी में कुमारी बाई पटेल को दी श्रद्धांजलि
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बीजा बैरागी भी पहुंचे। यहां सड़क हादसे में दिवंगत कुमारी बाई पटेल, उम्र 40 वर्ष के निवास पर पहुंचकर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना की।
सूरत हादसे में दिवंगत मायाराम पटेल के परिवार से मिले
इसके बाद उप मुख्यमंत्री शर्मा लोहारा क्षेत्र के ग्राम बांधाटोला पहुंचे। यहां सूरत में बड़ी इमारत से गिरने की घटना में दिवंगत मायाराम पटेल के निवास पर पहुंचकर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।
दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। ऐसे कठिन समय में परिवार को भावनात्मक संबल और सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की जानकारी लेते रहने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
