अमरकंटक में हरतालिका तीज पर उमड़ा आस्था का सैलाब

0
IMG-20260914-WA1150

तड़के 4 बजे से नर्मदा तट पर शुरू हुआ मौनी स्नान , शिव-पार्वती की आराधना कर सुहागिनों ने मांगा अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद

संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में हरतालिका तीज का पर्व श्रद्धा , भक्ति और आस्था के साथ मनाया गया । पर्व के अवसर पर तड़के करीब 4 बजे से ही नर्मदा के विभिन्न घाटों पर मौनी स्नान के लिए सुहागिन महिलाओं , युवतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी ।

NTPC World Environment Day

महिलाओं ने मौन धारण कर मां नर्मदा की पावन धारा में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान शिव एवं माता पार्वती का स्मरण करते हुए अखंड सौभाग्य , पति की दीर्घायु , सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की ।

हरतालिका तीज को भगवान शिव और माता पार्वती के अटूट दांपत्य प्रेम , समर्पण और तपस्या का प्रतीक माना जाता है । धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी । इसी आस्था के साथ सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु एवं अखंड सौभाग्य के लिए , जबकि युवतियां मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं ।

मौन साधना के साथ नर्मदा स्नान और शिव आराधना

हरतालिका तीज पर मौन धारण कर पवित्र नदी में स्नान करने की परंपरा का विशेष महत्व माना जाता है । श्रद्धालुओं ने मौन रहकर नर्मदा स्नान किया और इसके बाद शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया । महिलाओं ने शिवलिंग पर जल , पुष्प और बिल्वपत्र अर्पित कर भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की ।
कई महिलाओं ने व्रत एवं संकल्प के साथ अपने परिवार की सुख-शांति , पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना की । वहीं युवतियों ने मनवांछित जीवनसाथी की प्राप्ति के लिए भगवान शिव-पार्वती से आशीर्वाद मांगा ।

शिवालयों में दर्शन-पूजन के लिए लगी कतारें

हरतालिका तीज के अवसर पर नर्मदा मंदिर सहित अमरकंठ महादेव , पार्वती मैया , सिद्धेश्वर महादेव , ग्यारह रुद्र महादेव एवं घंटेश्वर महादेव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं । मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला लगातार चलता रहा । इस दौरान पूरा तीर्थ क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘मां नर्मदा के जयघोष’ से गूंजता रहा ।

हजारों हजारों श्रद्धालुओं ने किया नर्मदा स्नान

हरतालिका तीज के मौनी स्नान को लेकर अमरकंटक के विभिन्न नर्मदा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई । आसपास के जिलों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं , युवतियां और श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे । घाटों पर स्नान , दर्शन एवं पूजन का सिलसिला लगातार चलता रहा ।
अनुमान के अनुसार हरतालिका तीज के अवसर पर 35 से 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर आस्था की डुबकी लगाई तथा विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया ।

नर्मदा तट से शिवालयों तक गूंजे जयकारे

हरतालिका तीज पर अमरकंटक का पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर नजर आया । नर्मदा तट पर मौन साधना , पवित्र स्नान , मंदिरों में गूंजते मंत्रोच्चार , शिवलिंग पर चढ़ता जल और बिल्वपत्र तथा शिव-पार्वती के जयकारों ने पूरी तीर्थनगरी को भक्तिमय बना दिया ।
महिलाओं के लिए यह पर्व केवल व्रत और पूजा का अवसर नहीं रहा बल्कि आस्था , तप , संयम , दांपत्य प्रेम और मंगलकामना का पावन संगम बन गया । मां नर्मदा की पावन धारा में स्नान कर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करने पहुंचीं महिलाओं ने श्रद्धा के साथ अपने परिवार के सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!