प्रमुख मार्गों पर तीन करोड़ की लागत से भव्य प्रवेश द्वार निर्माण शुरू

0
IMG_20251205_103620.jpg

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला व उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने किया पूजा-अर्चना कर शुभारंभ

मुंगेली। नगर के सौंदर्यीकरण और शहर को नए स्वरूप में ढालने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। नगरीय निकाय मंत्री अरूण साव की पहल पर नगर के पांच प्रमुख मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए तीन करोड़ 37 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। पूर्व में उपमुख्यमंत्री अरूण साव द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के साथ इन प्रवेश द्वारों का भूमिपूजन सम्पन्न कराया गया था। अब वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ठेकेदार केसरी कंस्ट्रक्शन द्वारा कार्य की विधिवत शुरुआत कर दी गई है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, पार्षद सूरज यादव, आयुष शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। प्रवेश द्वार निर्माण कार्य प्रारंभ होते ही नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

नगर के प्रमुख मार्गों पर बनने वाले ये भव्य प्रवेश द्वार न केवल शहर की सुंदरता में चार चांद लगाएंगे, बल्कि बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी नगर की एक अलग पहचान बनाएंगे। लंबे समय से नगरवासियों की यह मांग थी कि शहर को आधुनिक और बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित किया जाए, जिसे अब साकार रूप मिलता दिखाई दे रहा है।

“गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी प्राथमिकता” – रोहित शुक्ला

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि नगरीय निकाय मंत्री अरूण साव, विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं सभी जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयासों से नगर को यह बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि,

“नगर में जो भी विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, उन्हें शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। हम चाहते हैं कि मुंगेली आने वाले समय में एक सुंदर, व्यवस्थित और विकसित नगर के रूप में पहचाना जाए।”

उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने भी कहा कि यह परियोजना नगर के सौंदर्यीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। प्रवेश द्वार बन जाने से नगर की पहचान और गौरव को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

नगरवासियों में उत्साह

प्रवेश द्वार निर्माण का कार्य प्रारंभ होते ही नगरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि अब उनका शहर भी बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित नजर आएगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

वार्ड पार्षदों ने भी इस कार्य को ऐतिहासिक बताते हुए इसके लिए शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। नगरवासियों को अब उम्मीद है कि आने वाले समय में मुंगेली विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा और एक आदर्श नगर के रूप में उभरेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!