पार्षद पर जैक रॉड से जानलेवा हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260916-WA0811

मारपीट कर रहे युवकों को समझाने पहुंचे थे वार्ड पार्षद विजय चौहान, बीच-बचाव से नाराज होकर आरोपी ने सिर पर किया वार
घर लौटने की सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, वारदात में प्रयुक्त लोहे का जैक रॉड बरामद

रायगढ़। वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से हमला कर घायल करने के मामले में जूटमिल पुलिस ने फरार चल रहे 26 वर्षीय आरोपी कमल सारथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर फरार था। पुलिस टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान आरोपी के घर लौटने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का जैक रॉड भी बरामद कर जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास की है। वार्ड क्रमांक 36 राजीव गांधी नगर के पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दी। जनप्रतिनिधि होने के नाते पार्षद विवाद शांत कराने और युवकों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे।

NTPC World Environment Day

बताया गया कि वहां कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद विजय चौहान ने उसे लड़ाई-झगड़ा करने से मना करते हुए बीच-बचाव किया। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर कमल सारथी नाराज हो गया और पार्षद के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने पार्षद को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखे लोहे के जैक रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में पार्षद को चोट आई।

रिपोर्ट के बाद दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद पार्षद के पिता ने थाना जूटमिल पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कमल सारथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 109(1), 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ उसके घर और परिचितों पर निगरानी बढ़ाई। परिजनों को भी आरोपी के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया।

घर लौटते ही पुलिस ने दबोचा

लगातार पतासाजी और निगरानी के बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कमल सारथी अपने घर वापस आया है। सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस की टीम ने बिना समय गंवाए उसके घर पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस आरोपी को थाने लेकर आई, जहां पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका अपने जीजा के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद विजय चौहान वहां पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए उसे विवाद करने से मना किया। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में पार्षद पर जैक रॉड से हमला किया।

जैक रॉड बरामद, आरोपी न्यायालय में पेश

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का जैक रॉड बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी कमल सारथी पिता मनोज सारथी, उम्र 26 वर्ष, निवासी पुराना बस स्टैंड सारंगढ़, थाना जूटमिल, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को कार्रवाई की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई।

मामले की पतासाजी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, आरक्षक तरूण महिलाने, सुशील यादव सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने दिया सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि सहित किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट, धमकी अथवा हिंसक व्यवहार करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की। पुलिस के अनुसार ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!