रायगढ़ में 2 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ और नशीली दवाइयों का नष्टीकरण
16 NDPS प्रकरणों में जब्त 415.991 किलो गांजा और 637 प्रतिबंधित सिरप-टेबलेट किए गए नष्ट
रायगढ़ । पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में विभिन्न एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के नष्टीकरण की विधिवत कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं उप पुलिस महानिरीक्षक-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई नियमानुसार संपन्न हुई।
जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 16 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त किए गए 415.991 किलोग्राम गांजा और 3 नग गांजा पौधों को विधिवत नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे को जामगांव स्थित एसएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड के प्लांट की भट्ठी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया।

637 नग प्रतिबंधित दवाइयां भी नष्ट
इसी कार्रवाई के तहत विभिन्न एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का भी नष्टीकरण किया गया। इनमें 108 नग प्रतिबंधित सिरप तथा 529 नग प्रतिबंधित टेबलेट/कैप्सूल, कुल 637 नग नशीली दवाइयां शामिल थीं।

पुलिस के मुताबिक इन दवाइयों को प्लांट परिसर के पास निर्धारित स्थान पर बुलडोजर एवं रोड रोलर की सहायता से कुचलकर गड्ढे में दबाते हुए नियमानुसार नष्ट किया गया।
2 करोड़ 8 लाख रुपए से अधिक की सामग्री
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए गांजा, गांजा पौधों तथा प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपए है। बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की यह कार्रवाई एनडीपीएस मामलों में जब्त सामग्री के सुरक्षित एवं नियमानुसार निपटारे की प्रक्रिया के तहत की गई।
समिति और पंचों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के सदस्य अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़, उत्तम प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक रायगढ़, अभिषेक तिवारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित पंच मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों के नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री की मात्रा एवं नष्टीकरण प्रक्रिया का विधिवत पालन किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
