रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों पर 22 अक्टूबर को अंबिकापुर में होगा मंथन
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी करेंगे खरीफ 2026 की प्रगति की समीक्षा, रबी सीजन की कार्ययोजना होगी निर्धारित
सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों के कलेक्टर और कृषि से जुड़े विभागों के अधिकारी होंगे शामिल

रायपुर । छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2026 की प्रगति की समीक्षा और आगामी रबी सीजन 2026-27 की कार्ययोजना निर्धारित करने के लिए 22 अक्टूबर को अंबिकापुर में सरगुजा संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संभाग के सभी छह जिलों में कृषि एवं संबंधित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी रबी सीजन की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक 22 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे अंबिकापुर के कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित होगी। इसमें सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों के कलेक्टर एवं जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शामिल होंगे। कृषि, मछली पालन, सहकारिता, उद्यानिकी, कृषि विज्ञान केंद्र तथा पशुधन विकास विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री परदेशी बैठक में खरीफ वर्ष 2026 की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही रबी वर्ष 2026-27 के लिए विभागीय कार्यक्रमों और कार्ययोजना का निर्धारण किया जाएगा। बैठक में कृषि एवं उससे जुड़े विभागों की सहभागिता से आगामी रबी सीजन की तैयारियों और विभागीय समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
