नागेश गुप्ता बने NSUI जिलाध्यक्ष…छात्र हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत करना पहली प्राथमिकता…
शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार, कहा—छात्रों को उनका हक दिलाने के लिए करेंगे पूरी निष्ठा से काम
मुंगेली । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) छत्तीसगढ़ ने संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में नागेश गुप्ता को मुंगेली जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया। इस नियुक्ति के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर नागेश गुप्ता ने NSUI के शीर्ष नेतृत्व एवं कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, AICC सचिव एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, पूर्व अध्यक्ष शहर कांग्रेस, जिला उपाध्यक्ष संजय यादवऔर मुंगेली युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदईया का विशेष रूप से आभार जताया।

छात्रों के अधिकारों के लिए करेंगे काम
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि NSUI की रीति-नीति के अनुरूप छात्र हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। साथ ही जिले के शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए पहल की जाएगी।
जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य
नागेश गुप्ता ने कहा कि मुंगेली जिले में NSUI को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को सुनने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि वे मिली जिम्मेदारी पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और छात्र-छात्राओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर योगेश्वर सिंह मार्को एवं हिमांशु यादव ने नवनियुक्त एनएसयूआई अध्यक्ष नागेश गुप्ता को बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
