मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर, 11 दिसंबर तक करें आवेदन
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
बिलासपुर में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन; 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी कर सकेंगे अग्रिम आवेदन
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ली बैठक, जिले में 13.59 लाख से अधिक मतदाता दर्ज

बिलासपुर । लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। गुरुवार को जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। अब पात्र नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, नाम हटवाने अथवा आवश्यक संशोधन के लिए दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
जिले में 13 लाख 59 हजार 109 मतदाता
बैठक में बताया गया कि बिलासपुर जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 59 हजार 109 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6 लाख 90 हजार 68 पुरुष, 6 लाख 68 हजार 989 महिला तथा 52 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की फोटो सहित मुद्रित प्रति एवं फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही मतदान केंद्रवार मतदाता सूची ऑनलाइन प्राप्त करने की सुविधा की जानकारी भी दी गई।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मिलेगा मौका
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि वर्ष 2027 में एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन जमा कर सकेंगे। इससे नए मतदाताओं को समय रहते पंजीयन कराने का अवसर मिलेगा।
अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित हैं आवेदन फॉर्म
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीयन के लिए फॉर्म-6ए, मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन, स्थानांतरण और दिव्यांगता चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
नागरिक घर बैठे भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
विशेष शिविरों और सहायता केंद्रों से मिलेगी मदद
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के मतदाता पंजीयन को आसान बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। ECINET मोबाइल एप में उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से बातचीत करने के लिए अनुरोध भी भेज सकते हैं।
पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता पोर्टल अथवा मोबाइल एप के माध्यम से अपना ई-एपिक डाउनलोड कर सकेंगे। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर ने नागरिकों से की नाम जांचने की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करें। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी, निर्वाचन पर्यवेक्षक अंकित तिवारी, सहायक निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश पांडेय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

