लोहर्सी में निस्तारी मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण, ग्रामीणों को मिली राहत
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
200 मीटर की दूरी के लिए लगाना पड़ता था डेढ़ किलोमीटर का चक्कर, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पचपेड़ी। बिलासपुर जिले की पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहर्सी में लंबे समय से बाधित सार्वजनिक निस्तारी मार्ग को प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा दिया। शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला से चंडी देवी मंदिर तक जाने वाले इस पुराने सार्वजनिक रास्ते पर करीब दो वर्षों से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी।

मंगलवार को तहसीलदार नीलम पिस्दा एवं थाना प्रभारी कमला पुसान ठाकुर के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम गांव पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। इसके बाद लंबे समय से बाधित मार्ग को फिर से आवागमन के लिए खोल दिया गया।

200 मीटर की दूरी के लिए लगाना पड़ता था डेढ़ किलोमीटर का चक्कर
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग वर्षों पुराना सार्वजनिक आवागमन एवं निस्तारी रास्ता है। अतिक्रमण के चलते रास्ता बंद हो जाने से लोगों को महज 200 मीटर की दूरी तय करने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। इसका असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों के रोजमर्रा के आवागमन पर पड़ रहा था।

कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने जताया आभार
लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस की। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए तहसीलदार नीलम पिस्दा, थाना प्रभारी कमला पुसान ठाकुर एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग खुलने से अब आवागमन आसान होगा और रोजाना होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

