उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन का किया लोकार्पण


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कचहरी पारा में 1.94 करोड़ की लागत से तैयार हुआ नया भवन


कवर्धा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), कचहरी पारा कवर्धा में नव निर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के करकमलों से संपन्न हुआ। यह विद्यालय भवन लगभग 1 करोड़ 94 लाख 67 हजार रुपये की लागत से तैयार किया गया है। लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. बीरेन्द्र साहू, पार्षद अजय ठाकुर, बिहारी धुर्वे, सुषमा सोनू उपाध्याय, दीपक सिन्हा, उमंग पांडेय, सतविंदर पाहुजा, शानू साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मोहल्लेवासी और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन मिलेंगे, जिससे वे एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकेंगे और अपने भविष्य को संवार सकेंगे।
विद्यार्थियों को दी मेहनत और लक्ष्य निर्धारण की सीख
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लगन और निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को अभी से अपने लक्ष्य स्पष्ट रूप से तय कर उन्हें पाने के लिए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम करने वाले विद्यार्थी ही आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करते हैं।
शिक्षकों से संस्कार और आत्मविश्वास देने की अपेक्षा
शर्मा ने शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास भी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही ऐसा माध्यम है जो व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देकर उसे सफल बनाता है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है विद्यालय भवन
नव निर्मित विद्यालय भवन में आधुनिक कक्षाएं, पुस्तकालय, कार्यालय कक्ष, प्रयोगशाला सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आएगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधनों का सीधा लाभ मिलेगा।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



