पैसे दोगुना करने का झांसा देकर 5 ठग गिरफ्तार बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.85 लाख नकद बरामद


बिलासपुर। पैसे दोगुना (झरन) करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बिल्हा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 2.50 लाख रुपये को 2 करोड़ रुपये बनाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 85 हजार रुपये नकद बरामद कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी शिव कुमार चेरवा (52 वर्ष), निवासी शरडी पाण्डूपारा, चर्चा, जिला कोरिया ने 3 फरवरी 2026 को थाना बिल्हा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि गुरुजी, सरपंच रिखीराम नवरंग, विमला बाई, वृहस्पति बाई, बृजबाई गोड एवं उनके ड्राइवर विजय राज ने मिलकर झरन विद्या के माध्यम से पैसे दोगुना करने का लालच दिया और उससे 2.50 लाख रुपये ले लिए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने ठगी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की रकम में से 1.85 लाख रुपये नकद जब्त किए। इसके बाद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- रिखीराम नवरंग, उम्र 52 वर्ष, निवासी सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर
- विजय राज, उम्र 48 वर्ष, निवासी तिवरता, थाना दीपिका, जिला कोरबा
- बृजबाई गोड, उम्र 40 वर्ष, निवासी माचाडोली बांगो, थाना बांगो, जिला कोरबा
- विमला बाई, उम्र 32 वर्ष, निवासी बिंझरा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
- वृहस्पति बाई गोड, उम्र 35 वर्ष, निवासी जुराली नगोई, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
इस कार्रवाई में निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम, महिला आरक्षक सुनीता पाटले एवं चंदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैसे दोगुना करने, झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या किसी भी प्रकार के चमत्कार के नाम पर ठगी करने वालों के बहकावे में न आएं और ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



