‘अर्पण अभियान’ के तहत बिलासपुर पुलिस ने लौटाए 100 गुम मोबाइल

0
IMG-20260203-WA0862.jpg

करीब 2 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे

बिलासपुर। “आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास” संदेश को साकार करते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अर्पण अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 100 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर जिले में मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत ए.सी.सी.यू. एवं जिले के सभी थानों को शिकायतकर्ताओं की सूची तैयार कर तकनीकी जानकारी के आधार पर मोबाइल खोजने के निर्देश दिए गए। परिणामस्वरूप मात्र एक माह के भीतर बिलासपुर शहर सहित सीमावर्ती जिलों से 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार कई मोबाइल राज्य के दूरस्थ जिलों एवं अन्य राज्यों में भी सक्रिय पाए गए हैं। ऐसे मामलों में पृथक अभियान चलाकर आगे भी मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान करीब 160 लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर राहत और खुशी जाहिर की।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, नगर पुलिस अधीक्षक, प्रभारी ए.सी.सी.यू. एवं साइबर एक्सपर्ट द्वारा उपस्थित नागरिकों को वर्तमान में बढ़ रही साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी दी गई। इसमें डिजिटल अरेस्ट, वीडियो कॉल के माध्यम से ठगी (सेक्सटॉर्शन), व्हाट्सएप डीपी बदलकर ठगी, बिटकॉइन, टूरिज्म प्लान, कस्टमर केयर के नाम पर धोखाधड़ी, ऑनलाइन लोन एप सहित अन्य तरीकों से की जा रही ठगी से बचने के उपाय बताए गए।

इस अभियान को सफल बनाने में ए.सी.सी.यू. तथा बिलासपुर जिले के समस्त थानों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और साइबर ठगी से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!