एसईसीएल में कोल इंडिया अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज

0
IMG-20260204-WA0877.jpg

बहतराई स्टेडियम में 8 टीमें खिताब के लिए मैदान में, 10 साल बाद एसईसीएल को मिली मेजबानी

बिलासपुर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के तत्वावधान में कोल इंडिया अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ स्व. बी.आर. यादव अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान, बहतराई में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और दर्शकों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह खेलमय बना दिया।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 से 7 फरवरी के बीच बहतराई स्टेडियम के एस्ट्रो टर्फ मैदान में आयोजित की जा रही है। इसमें कोल इंडिया की आठ अनुषंगी कंपनियों की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि लगभग एक दशक बाद एसईसीएल को इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास रहे। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार और मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा हॉकी बिलासपुर के अध्यक्ष रोहताश्व बाजपेयी, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, एसईसीएल कल्याण मंडल, जेसीसी सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समितियों के पदाधिकारी, विभिन्न परिषदों व संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

मार्च-पास्ट और प्रतीकात्मक गोल से उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत सभी टीमों के आकर्षक मार्च-पास्ट से हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने अतिथियों को सलामी दी। इसके बाद निदेशक मंडल और मुख्य सतर्कता अधिकारी द्वारा गोल पोस्ट पर प्रतीकात्मक गोल कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन अवसर पर अतिथियों का स्वागत भंगरा नृत्य से किया गया। साथ ही एसईसीएल कर्मियों द्वारा स्वागत गीत और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

इन टीमों की भागीदारी
प्रतियोगिता में कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियां — एसईसीएल, ईसीएल, एनसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एमसीएल तथा तेलंगाना की सरकारी कोल कंपनी एससीसीएल — भाग ले रही हैं।

पहले दिन के मुकाबलों में दिखा दमखम
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में एसईसीएल ने ईसीएल को 8-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। एनसीएल ने बीसीसीएल को 4-1 से मात दी। सीसीएल ने एससीसीएल को 3-1 से पराजित किया। एमसीएल ने डब्ल्यूसीएल को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराया। इसके बाद एसईसीएल ने बीसीसीएल को 6-0 से शिकस्त दी, वहीं अंतिम मुकाबले में एनसीएल ने ईसीएल को 4-0 से पराजित किया।

प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, वहीं एसईसीएल की मेजबानी की हर ओर सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!