गुरु रविदास के विचार पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

0

रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह

Screenshot_20260204_215030.jpg

गुरुद्वारा मंगल भवन निर्माण के लिए 20 लाख की घोषणा

कवर्धा।
संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचार केवल किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समानता, शिक्षा, श्रम और सामाजिक समरसता का उनका संदेश पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। यह बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर कवर्धा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने का मार्ग दिखाया। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आज समाज शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तभी समग्र विकास संभव होता है।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संत रविदास गुरुद्वारा मंगल भवन प्रांगण में भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा की। इससे समाज की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा गुरु रविदास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास का स्पष्ट संदेश था कि शिक्षा ही समाज को सशक्त और जागरूक बनाती है। शिक्षा के माध्यम से ही सामाजिक कुरीतियों को दूर कर प्रगति की राह पर चला जा सकता है। सामाजिक समानता, भाईचारा और श्रम की गरिमा जैसे मूल्यों को उन्होंने अपने जीवन और वाणी से स्थापित किया, जो आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। समाज की एकता और सहभागिता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!