पनडुब्बी संग्रहालय में स्कूली छात्रों ने जाना नौसेना का कामकाज
रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह

विशाखापट्टनम के आईएनएस पनडुब्बी संग्रहालय का विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

कवर्धा।
समग्र शिक्षा के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिले के प्रारंभिक और सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों को राज्य के बाहर शैक्षणिक भ्रमण पर आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित आईएनएस पनडुब्बी संग्रहालय ले जाया गया। यह भ्रमण कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयम, जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा और जिला मिशन समन्वयक विनोद कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पनडुब्बी संग्रहालय में प्रदर्शित नौसेना से जुड़ी वैज्ञानिक और तकनीकी जानकारियों को नजदीक से देखा और समझा। विद्यार्थियों को पनडुब्बी की संरचना, समुद्र के भीतर उसकी कार्यप्रणाली, नौसेना के संचालन तंत्र, समुद्री जीवन, अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी अवधारणाओं के साथ-साथ समुद्र में होने वाले ज्वार-भाटा जैसी प्राकृतिक घटनाओं की जानकारी दी गई। इस प्रत्यक्ष अनुभव से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ी।


सहायक कार्यक्रम समन्वयक राकेश कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर मिलता है। पुस्तकों में पढ़ी गई जानकारी जब प्रत्यक्ष रूप से देखी जाती है, तो विषय अधिक स्पष्ट और रोचक बन जाता है। वहीं जिला मिशन समन्वयक विनोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों की निरीक्षण क्षमता, कल्पनाशीलता और तार्किक सोच को विकसित करते हैं, जो उनके समग्र शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस शैक्षणिक भ्रमण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ प्रभारी शिक्षक भी मौजूद रहे। भ्रमण से लौटे छात्रों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया, जिससे उनके भविष्य के अध्ययन को नई दिशा मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



