धान खरीदी: किसानों को राहत, दो अतिरिक्त दिन होगी खरीदी

0
image_search_1770224950027.jpg

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 5 व 6 फरवरी तक मिलेगा अवसर

कवर्धा।
प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी की प्रक्रिया में बड़ी राहत दी गई है। राज्य सरकार ने तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस 5 और 6 फरवरी 2026 तक खरीदी की अनुमति प्रदान की है। इस निर्णय से ऐसे किसानों को लाभ मिलेगा, जो विभिन्न कारणों से तय समय में धान नहीं बेच पाए थे।

निर्देश के अनुसार पहली श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पाया। दूसरी श्रेणी में वे किसान हैं, जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया और सत्यापन के दौरान उनके पास धान पाया गया। तीसरी श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिन्हें 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन तो मिला था, लेकिन किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर सके।

किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बारदाना और हमालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित व सुचारु विक्रय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

जिले में आवेदन की स्थिति

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए 663 आवेदन किए गए थे, जिनका सत्यापन नहीं हो सका। वहीं, 10 जनवरी के बाद आवेदन कर सत्यापन उपरांत धान पाए जाने वाले किसानों की संख्या 1,947 है। इसके अलावा 28 जनवरी को 119, 29 जनवरी को 195 और 30 जनवरी को 190 सहित कुल 504 किसानों को टोकन मिला था, लेकिन वे तय समय पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे।

अतिरिक्त दो दिवस की खरीदी से इन किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!