इंस्टाग्राम पर महिला की निजी तस्वीरें वायरल, आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260207-WA0465.jpg

बिलासपुर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना तोरवा पुलिस ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की निजी तस्वीरें वायरल कर उसे बदनाम और ब्लैकमेल करने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 को पीड़िता ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति इंस्टाग्राम पर उसकी निजी तस्वीरें अपलोड कर रहा है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है और उसे मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान साइबर सेल की सहायता से इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी पड़ताल की गई, जिसमें आरोपी की लोकेशन अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और मोबाइल जांच में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमीत रात्रे (21 वर्ष), निवासी सूर्या विहार पाटनार कॉलोनी, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 5 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!