बीट प्रणाली मजबूत करने को कोटा सबडिवीजन में कोटवार सम्मेलन


कोटा। ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और पुलिस की जमीनी पकड़ को मजबूत करने के उद्देश्य से कोटा सबडिवीजन में ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। यह सम्मेलन 7 फरवरी 2026 को आयोजित हुआ, जिसमें थाना रतनपुर, कोटा और बेलगहना क्षेत्र के 60 से 70 ग्राम कोटवार शामिल हुए।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नूपुर उपाध्याय ने कोटवारों को संबोधित किया। अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर बढ़ते अपराधों, नशे के विरुद्ध अभियान, साइबर अपराध से बचाव तथा बाहरी घुमक्कड़ एवं डेरा जमाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।


बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में ग्राम कोटवारों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कोटवारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में आने-जाने वाले अपरिचित व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों एवं असामान्य गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और तत्काल संबंधित थाने अथवा बीट पुलिस को सूचना दें।

अधिकारियों ने बीट प्रणाली की महत्ता बताते हुए कोटवारों से स्थानीय बीट पुलिस के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने, सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने और परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सम्मेलन का उद्देश्य ग्राम स्तर पर पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए संभावित अपराधों की रोकथाम करना बताया गया।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



