“ऑपरेशन प्रहार” में सकरी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई


गांजा व कच्ची महुआ शराब बेचने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा जब्त
बिलासपुर। अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा व कच्ची महुआ शराब की बिक्री में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में कुल 1.863 किलोग्राम गांजा, 70 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री की नकद रकम जब्त की गई है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 132/2026 व 134/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट तथा अपराध क्रमांक 133/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों द्वारा अवैध नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 6 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजारपारा सकरी निवासी अवधेश वर्मा एवं डीपरापारा उस्लापुर निवासी राकेश गुप्ता गांजा बेच रहे हैं, जबकि शांति नगर सकरी निवासी संतोष बसोड कच्ची महुआ शराब का अवैध कारोबार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर अवधेश वर्मा के कब्जे से 1.483 किलोग्राम गांजा व बिक्री रकम 400 रुपए, वहीं राकेश गुप्ता के पास से 0.380 किलोग्राम गांजा व 100 रुपए जब्त किए। कुल मिलाकर 20 हजार रुपए कीमत का गांजा और 500 रुपए नकद बरामद किए गए। इसके अलावा संतोष बसोड के कब्जे से तीन जरीकैन में रखी 70 लीटर कच्ची महुआ शराब व 300 रुपए बिक्री रकम जब्त की गई।
इसी क्रम में पुराना बाजार सकरी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर गांजा एवं शराब पीते पाए जाने पर ऑटो चालक मोहन यादव के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही मोहन यादव, विकास श्रीवास एवं देवानंद साहू के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर इस्तगाशा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी, सहायक उप निरीक्षक विजय राठौर, राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक रवि कुमार लहरे सहित सकरी पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



