कोनी पुलिस का अवैध शराब पर करारा प्रहार, 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

0
IMG-20260209-WA0420.jpg

एक आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

बिलासपुर। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोनी थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों निवासी शिवनारायण वर्मा अपने घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब तैयार कर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी शिवनारायण वर्मा पिता स्व. सौपतलाल वर्मा (40 वर्ष), निवासी ग्राम जलसों, थाना कोनी को रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले चार पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बों में कुल 55 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 हजार रुपये बताई गई है। शराब के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!